भिंड में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसडीएम विजय सिंह यादव ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मिहोना में आयोजित की गई, जिसमें विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, बीआरसी पी.एस. तोमर सहित सात संकुल प्राचार्य, तीन बीएसी और छह सीएसी उपस्थित रहे। बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारी, शिक्षक और छात्र उपस्थिति, नामांकन 3.0 पोर्टल, पाठ्यपुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन योजना, छात्रवृत्ति, खाद्यान्न उठाव और स्कूल निरीक्षण जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी संकुल प्राचार्य एवं सीएसी अधिकारी महीने में कम से कम 15 से 20 भ्रमण सुनिश्चित करें। केवल निरीक्षण ही नहीं, बल्कि वे स्वयं कक्षाओं में जाकर पढ़ाएं और शिक्षण गुणवत्ता का स्तर जांचें। एसडीएम ने यह भी कहा कि लापरवाह और गैरहाजिर शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से प्रयोगशालाओं की स्थिति पर चिंता जताई और सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयोगशालाएं बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने का केंद्र होती हैं, इसलिए प्रयोगशाला उपकरणों की खरीदी में कोई लापरवाही न हो।
एसडीएम विजय सिंह यादव ने कहा कि वे स्वयं स्कूलों का सतत निरीक्षण करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षण की गुणवत्ता दोनों में सुधार हो। शासन द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम समयसीमा में पूरा हो और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले – यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।









Leave a Reply