Ekal Satya News

आपकी आवाज, आपकी खबर

Advertisement

पुलिस और जनता की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

खजराना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, पुलिस ने महिला और तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला

इंदौर। शहर के खजराना थाना क्षेत्र के संजीवनी नगर (खजराना खेड़ी) में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, लगभग 11:45 बजे एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। मकान से उठते काले धुएं और छत पर फंसी एक महिला सहित तीन मासूम बच्चों की चीख-पुकार ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी


सूचना मिलते ही मनोज सेंधव के नेतृत्व में खजराना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग की लपटों और घने धुएं के बीच पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए महिला और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी जनहानि टल गई।


घटना की सूचना पर नगर निगम, फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। हालांकि, स्थानीय रहवासियों ने एक गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया। क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और घरों के बाहर बने स्थायी ओटलों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना कर रही थीं। यदि पुलिस और जनता ने तत्परता नहीं दिखाई होती, तो हालात और भी भयावह हो सकते थे।

इस साहसिक और त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने खाकी की मुस्तैदी को सलाम करते हुए कहा कि समय पर उठाए गए कदमों ने चार जिंदगियों को सुरक्षित बचा लिया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपदा की घड़ी में पुलिस और जनता की संयुक्त सजगता ही सबसे बड़ी ताकत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *