अयोध्यानगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी शराब दुकान के बाहर पार्क की गई गाड़ियों को निशाना बनाकर चोरी करता था और चोरी की मोटरसाइकिलों को गिरवी रखकर प्राप्त पैसों से जुआ खेलता था।
मामला तब सामने आया जब फरियादी गेंदालाल राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 नवंबर की शाम लगभग 7:30 बजे वे अयोध्यानगर स्थित शराब दुकान पर अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (बिना नंबर) लॉक लगाकर गए थे। करीब 30 मिनट बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। शिकायत पर थाना अयोध्यानगर में अपराध क्रमांक 511/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज में दिखे संदिग्ध की पहचान होने पर दबिश दी गई और अरेड़ी रोड से आरोपी बंटी मालवीय (26 वर्ष) निवासी झुग्गी नं. 01 औंमकारा, सेवनिया को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने चार मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 3.5 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी अयोध्यानगर और कोतवाली विदिशा थानों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उपनिरीक्षक सुदील देशमुख, प्रआर अमित व्यास, ब्रजेश सिंह, रूपेश जादौन, सुदीप राजपूत, दिनेश मिश्रा, राजेंद्र राजपूत, रोशनी जैन, प्रदीप दामले, राजेश, भूपेंद्र उईके तथा साइबर सेल की पल्लवी शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










Leave a Reply