Ekal Satya News

आपकी आवाज, आपकी खबर

Advertisement

शव उठाने में नहीं मिला सहयोग, पुलिस ने दिखाई मानवता की मिसाल


भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित भदभदा बांध के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है, और उसकी जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। केवल उसके बाएं हाथ पर सिख समुदाय से जुड़ा धार्मिक चिन्ह का टैटू मिला है। शव की जानकारी मिलते ही एएसआई नंदकिशोर दुबे और आरक्षक विनीत यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरी संवेदनशीलता से मामले की पड़ताल की। नगर निगम का शव वाहन भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन जहां शव मिला था, वह इलाका सुनसान था और कोई भी व्यक्ति मदद के लिए आगे नहीं आया।

ऐसे कठिन समय में पुलिस ने न केवल अपना कर्तव्य निभाया, बल्कि मानवता की मिसाल भी पेश की। एएसआई दुबे और वाहन चालक ने खुद मिलकर शव को स्ट्रेचर पर रखा और बांध के किनारे से ऊपर सड़क तक पहुंचाया। यह क्षण न सिर्फ भावुक करने वाला था, बल्कि यह भी दिखाता है कि जब समाज मुंह मोड़ लेता है, तब भी पुलिस निष्ठा और मानवीय संवेदना के साथ अपने फर्ज को निभाती है। पुलिस को अंदेशा है कि मृतक मछली पकड़ने आया था और किसी कारणवश पानी में डूब गया। शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में जानकारी भेजी गई है तथा सोशल मीडिया के जरिए तस्वीरें साझा की जा रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिको लीगल संस्थान भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *