Ekal Satya News

आपकी आवाज, आपकी खबर

Advertisement

भोपाल में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, या कार्रवाई करने का दिखावा । खाद्य आपूर्ति निगम अधिकारियों की भी लापरवाही उजागर!

भोपाल। राजधानी के थाना निशातपुरा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों से गैस रिफिलिंग करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी तौहिद पठान पिता वाजिद पठान (उम्र 20 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड पीले क्वार्टर, करोद भोपाल अपने घर पर बिना किसी अनुमति के गैस रिफिलिंग का खतरनाक कार्य कर रहा था।

थाना प्रभारी मनोज पटवा को जब इस अवैध रिफिलिंग की सूचना मिली, तो उनके निर्देशन में उपनिरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी ने हमराह स्टाफ आरक्षक धारा सिंह (क्र. 4816) और आरक्षक खेमसिंह जाट (क्र. 4582) के साथ तत्काल दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को गैस रिफिलिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जब उससे रिफिलिंग का लाइसेंस मांगा गया, तो उसने किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं दिखाया।मौके से पुलिस ने 02 बड़े कमर्शियल सिलेंडर, 04 घरेलू एचपी गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक मोटर जिसमें हाइड्रोलिक पाइप लगा हुआ था, 01 नोजल रिफिलिंग उपकरण, 01 पाना और पेचकस जप्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना निशातपुरा में अपराध क्रमांक 919/25 धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।राजधानी भोपाल में अवैध गैस रिफिलिंग का यह कोई नया मामला नहीं है। अशोका गार्डन क्षेत्र में सिलेंडर फटने की घटना के बाद भले ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आए हों, लेकिन हकीकत यह है कि अवधपुरी, पिपलानी, छोला, कमला नगर, टीटी नगर, कोलार, शाहजहानाबाद गौतम नगर ऐशबाग अयोध्या नगर बजरिया हनुमानगंज मंगलवार गांधीनगर सहित कई थाना क्षेत्रों में आज भी अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा खुलेआम चल रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कई स्थानों पर सड़कों तक पर गैस की बदबू महसूस की जा सकती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।इन अवैध गतिविधियों पर केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि खाद्य आपूर्ति निगम अधिकारियों की भी भारी लापरवाही साफ झलकती है। जिनकी जिम्मेदारी है कि वे ऐसी अवैध रिफिलिंग पर निगरानी रखें, वही अधिकारी कई बार अनदेखी कर देते हैं या मिलीभगत से आंखें मूंद लेते हैं।यदि समय रहते प्रशासन, पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई नहीं करते, तो भोपाल किसी भी समय एक बड़े हादसे की चपेट में आ सकता है। जनता अब प्रशासन से अपेक्षा कर रही है कि इस खतरनाक कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *